दरभंगा: बिहार विधान परिषद की दरभंगा स्नातक निर्वाचन सीट पर आरजेडी ने जीत हासिल की है। आरजेडी प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने कड़े मुकाबले में बीजेपी के निवर्तमान विधान पार्षद और एनडीए प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 4,010 मतों से हरा दिया। करीब 60 घंटे तक चली लंबी मतगणना के बाद गुरुवार देर शाम चुनाव आयोग से परिणाम की मंजूरी मिलने पर अनिल झा को आधिकारिक रूप से विजेता घोषित किया गया।
जीत की घोषणा के बाद प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने अनिल कुमार झा को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इस दौरान आयुक्त ने मतगणना कार्य में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने बताया कि दरभंगा के डीएम कौशल कुमार, नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, मधुबनी के डीएम आनंद शर्मा और समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा के सहयोग से मतगणना निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई गई।
अनिल झा को मिले 25,406 वोट
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, आरजेडी प्रत्याशी अनिल कुमार झा को कुल 25,406 मत प्राप्त हुए, जबकि एनडीए प्रत्याशी सर्वेश कुमार को 21,396 वोट मिले। इस तरह अनिल झा ने 4,010 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
कोटा सिस्टम से निकला चुनाव का नतीजा
इस चुनाव में जीत का फैसला पहली वरीयता के मतों से नहीं हो सका। जीत के लिए 31,911 मतों का कोटा निर्धारित किया गया था, जो कुल वैध मतों का 50 प्रतिशत से एक अधिक था। पहली वरीयता की गिनती में कोई भी उम्मीदवार निर्धारित कोटे तक नहीं पहुंच सका। शुरुआती 10 राउंड तक बीजेपी के सर्वेश कुमार आगे चल रहे थे।
इसके बाद चुनाव नियमों के तहत एलिमिनेशन राउंड शुरू हुआ। इसमें सबसे कम वोट पाने वाले प्रत्याशियों को क्रमशः बाहर किया गया और उनके मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के वोट अन्य उम्मीदवारों को हस्तांतरित किए गए।
इसी प्रक्रिया के बाद अंतिम परिणाम सामने आया और अनिल कुमार झा ने सर्वेश कुमार को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। प्रमाण पत्र मिलने के साथ ही दरभंगा स्नातक सीट पर चुनावी मुकाबले का आधिकारिक रूप से समापन हो गया।





