बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चमथा-1 पंचायत के चमथा रजौली के पास बुधवार शाम गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। नाव पर करीब 30 से 35 ग्रामीण सवार थे, जो गंगा पार ढाव में परवल की रोपनी कर लौट रहे थे। हादसे में दो लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चमथा रजौली गांव के ग्रामीण गंगा नदी के पार लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित ढाव में परवल की रोपनी करने गए थे। बुधवार शाम काम समाप्त करने के बाद सभी नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण वह असंतुलित होकर नदी में पलट गई। नाव पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हालांकि, कई लोग किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन दो लोगों का अब तक पता नहीं चल सका है।
**चार लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज**
हादसे में घायल लोगों में चमथा रजौली निवासी उदगार महतो की 15 वर्षीय पुत्री पूनम कुमारी और विशो महतो के 16 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार की पहचान हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दो घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
चंदन कुमार और उनके दादा भोला महतो के अनुसार, ग्रामीण खेती का काम पूरा कर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई और कई लोग नदी में गिर गए।
**मौके पर पहुंचे अधिकारी, तलाश जारी**
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और लापता लोगों की खोजबीन शुरू कराई।
एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल, लापता लोगों की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं। इस हादसे ने गंगा पार खेती करने जाने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।





