
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में दारोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार सुबह नवगछिया पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में दारोगा युगेश कुमार का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा समेत कई वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
सुबह छह बजे सहकर्मी ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे एक सहकर्मी पुलिस पदाधिकारी युगेश कुमार के कमरे पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने युगेश कुमार को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद सहकर्मी ने तत्काल पुलिस लाइन और वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल यानी फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया।
एसपी कार्यालय की अपराध शाखा में थे तैनात
युगेश कुमार मूल रूप से बांका जिले के बौंसी प्रखंड अंतर्गत बाराहाट के रहने वाले थे। वह नवगछिया एसपी कार्यालय की अपराध शाखा में कार्यरत थे। पुलिस लाइन स्थित सरकारी क्वार्टर में वह अकेले रहते थे। हाल ही में विभागीय पदोन्नति के तहत उन्हें जमादार से इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नति मिली थी। पदोन्नति के बाद नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा ने एक कार्यक्रम में उनके कंधे पर बैच लगाकर उन्हें सम्मानित किया था। उनकी मौत की खबर से पुलिसकर्मियों और अधिकारियों में शोक का माहौल है।
वरीय अधिकारियों ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ सईम रजा और मुख्यालय डीएसपी समेत अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने सरकारी क्वार्टर का निरीक्षण किया। साक्ष्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमरे को सील कर दिया गया, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके।
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस मामले में एसपी वैभव शर्मा से बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।





