सदर थाना क्षेत्र के करियो गांव की रहने वाली 25 वर्षीय प्रसूता चांदनी कुमारी की प्रसव के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने शिव हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया गया है। वहीं, मृतका के पति राजा कुमार ने सदर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और मामले की जांच कराने की मांग की है।
प्रसव के बाद महिला की बिगड़ी हालत
मृतका के पति की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, शनिवार सुबह चांदनी कुमारी को प्रसव पीड़ा होने पर आशा कार्यकर्ता किरण देवी की मदद से शिव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टर रमेश कुमार और संतोष की देखरेख में प्रसव कराया गया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद महिला को काफी रक्तस्राव होने लगा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
आवेदन में बताया गया है कि चिकित्सकों ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए खून चढ़ाने की जरूरत जताई। इसके बाद तीन रक्तदाताओं ने एक-एक यूनिट रक्त दिया। हालांकि, इसके बावजूद महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। बाद में उसे दूसरे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सड़क जाम कर परिजनों ने जताया विरोध
चांदनी की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दिया। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने निजी क्लिनिकों में चिकित्सकों की योग्यता, इलाज की व्यवस्था और आपातकालीन सुविधाओं की नियमित जांच कराने की भी मांग उठाई।
क्लिनिक सील, जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर सदर डीएसपी राजीव रंजन और बीडीओ निशांत कुमार ने बताया कि संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर की जा रही है।
फिलहाल, प्रसूता की मौत के मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






