भोजपुर: जिले के संदेश थाना क्षेत्र अंतर्गत तीर्थकॉल गांव के समीप शनिवार को सोन नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गयी, जबकि तीन बच्चे सुरक्षित बच गये। सभी सात बच्चे एक छोटी डेंगी नाव पर सवार होकर नदी में स्नान करने और अठखेलियां करने गये थे। इसी दौरान नाव छिछले पानी से गहरे पानी में चली गयी और डगमगाने लगी। घबराकर बच्चे नदी में कूदने लगे, जिसमें चार बच्चे गहरे पानी में डूब गये।
मृतकों की पहचान आकाश कुमार (15 वर्ष), पिता विनोद शर्मा, प्रेम कुमार (10 वर्ष) और सिद्धांत कुमार (16 वर्ष), दोनों पिता मिंटू शर्मा, तथा सुधीर कुमार (25 वर्ष), पिता अरविंद यादव के रूप में हुई है। सभी तीर्थकॉल गांव के निवासी थे। हादसे में पवन कुमार, सुजीत कुमार (5 वर्ष) और मनीष कुमार (6 वर्ष) सुरक्षित बच गये।
नाव डगमगाने से मची अफरा-तफरी
सुरक्षित बचे पवन कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे सभी बच्चे सोन नदी घाट पहुंचे थे। वहां मछली पकड़ने वाली छोटी नाव बंधी थी, जिस पर सवार होकर बच्चे खेलने लगे। नाव गहरे पानी में पहुंची, तो डगमगाने लगी। इसके बाद घबराकर बच्चे पानी में कूदने लगे। पवन कम पानी वाले हिस्से में कूद गया, जबकि सुजीत और मनीष नाव पर ही रह गये। बहते हुए नाव दूसरे किनारे पहुंची, जहां दोनों सुरक्षित उतर गये। वहीं, आकाश, प्रेम, सिद्धांत और सुधीर गहरे पानी में डूब गये।
महाजाल और गोताखोरों से तलाश
घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और चिल्होस से आये गोताखोरों की मदद से महाजाल डालकर तलाशी अभियान चलाया गया। पवन की निशानदेही पर तलाश तेज की गयी। दोपहर करीब 1:30 बजे चारों बच्चों के शव बरामद कर लिये गये।
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
चारों बच्चों को एंबुलेंस से संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
इस हादसे में विनोद शर्मा के बेटे आकाश और मिंटू शर्मा के दोनों बेटे प्रेम व सिद्धांत की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गयी। परिजनों के चीत्कार से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।






