बिहार के भागलपुर में अपराधियों ने एक बार फिर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। नवगछिया के कुख्यात अपराधी खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कदवा थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला की है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। गौर करने वाली बात यह है कि वर्ष 2021 में ज्योतिष के पिता खोखा सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब पांच साल बाद उनके बेटे की हत्या से इलाके में एक बार फिर हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
भागलपुर के नवगछिया में कुख्यात खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे कदवा थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योतिष के सीने में एक गोली लगी थी। घटना के बाद उसे नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक ज्योतिष कुमार तीन भाइयों में एक था। उसके भाइयों के नाम आशीष कुमार और सौरभ कुमार हैं। ज्योतिष के पिता खोखा सिंह की भी वर्ष 2021 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय खोखा सिंह अपने भाई के साथ गांव में घूमने निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन पर गोलीबारी की थी। इस घटना में उनके भाई को भी गोली लगी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कदवा थानाध्यक्ष विक्रम कुमार ने बताया कि मृतक के भाई ने पुलिस को घटना की जानकारी दी थी। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल जांच प्रभावित होने की आशंका के कारण पुलिस ने विस्तृत जानकारी देने से परहेज किया है।
वहीं, नवगछिया के एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक ज्योतिष कुमार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा था। पुलिस हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।






