सहरसा में महिला की निर्मम हत्या, पति पर गला घोंटकर मारने का आरोप; वारदात के बाद फरार



सहरसा: शहर के पंचवटी चौक स्थित एक किराए के मकान में एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की मां ने अपने दामाद पर ही गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान खगड़िया जिले के ठूठी मोहनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय सोनी कुमारी के रूप में हुई है। वह दो बच्चों की मां थी। उसके पति सोनू शर्मा प्लंबर का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि सोनी पिछले कुछ समय से अपने दोनों बच्चों के साथ सहरसा के पंचवटी चौक स्थित एक किराए के मकान में रह रही थी।

मृतका की मां लीला देवी ने आरोप लगाया कि शादी के सात वर्षों बाद पति-पत्नी के रिश्ते में तनाव बढ़ गया था। उनका कहना है कि दिल्ली में रहने के दौरान सोनू शर्मा का अपनी चचेरी भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी होने पर सोनी अपने बच्चों को लेकर सहरसा आ गई थी। यहां वह आसपास के घरों में घरेलू काम कर अपने दोनों बेटों का पालन-पोषण कर रही थी।

परिजनों के मुताबिक, तीन दिन पहले सोनू शर्मा सहरसा पहुंचा था और पत्नी के साथ रह रहा था। गुरुवार की देर रात दोनों के बीच कथित संबंधों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सोनू ने पहले दुपट्टे से सोनी का गला घोंट दिया और फिर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर में मौजूद चार वर्षीय बेटे विवान ने भी बताया कि उसके पिता ने उसकी मां की पिटाई की थी।

शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला की मौत की बात सामने आई है। पुलिस फरार आरोपी पति की तलाश में छापेमारी कर रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

रिपोर्ट: इन्द्रदेव

स्थान: सहरसा

Sponsored Advertisement
  • Related Posts

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    गंडक नदी उफान पर, 6 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है डिस्चार्ज; बगहा में बाढ़ का खतरा बढ़ा

    नशा मुक्त कोसी अभियान में बड़ी सफलता, एक सप्ताह में 92 आरोपित गिरफ्तार

    सहरसा। कोसी क्षेत्र के सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में चलाए जा रहे नशा मुक्त कोसी अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 से 25 सितंबर के…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *