बिहार के बेगूसराय जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के तीन थाना प्रभारियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बखड्डा गांव के पास रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पुलिस अधिकारियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान, बेलारी थाना प्रभारी नीरज कुमार और आरर थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र अमरेंद्र पटना में आयोजित एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से वापस लौट रहे थे। उनके साथ चालक ज्योतिष कुमार भी वाहन में मौजूद थे।
हादसे में नीरज कुमार, ज्ञानेंद्र अमरेंद्र और चालक ज्योतिष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रतवारा थाना प्रभारी साजन पासवान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार और डीएसपी आनंद पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए एनएच-31 पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
इस हादसे से मधेपुरा पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। एक साथ तीन थाना प्रभारियों की मौत ने पूरे विभाग को स्तब्ध कर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।






