बिहार के मोतिहारी में अपराधियों और कथित भूमाफियाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर में देर रात छापेमारी की गई। यह कार्रवाई भूमाफिया और अपराधी बताए जा रहे राकेश शर्मा के घर पर की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 27 लाख रुपये नकद, दो राइफल, दो पिस्टल, लगभग 100 कारतूस, शराब की बोतलें और जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 65 से अधिक दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, मौके से राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, एसपी स्वर्ण प्रभात को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के लिए तीन डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों की संयुक्त टीम गठित की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित राकेश शर्मा के घर पर छापा मारा।
इस दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में नकदी, हथियार और कारतूस मिले। मौके से दो राइफल, दो पिस्टल और करीब 100 कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा छह बोतल ब्रांडेड शराब भी जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी में करीब 27 लाख रुपये नकद मिले हैं।
इस कार्रवाई में जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 65 से अधिक महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। इन दस्तावेजों से संबंधित जमीनों का अनुमानित मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। पुलिस अब दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि जमीन के स्वामित्व और संभावित अनियमितताओं से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि बरामद हथियारों, कारतूस, नकदी और जमीन के दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस छापेमारी के बाद इलाके में हलचल तेज है। पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।






