बिहार के जमुई में दुर्गा पूजा से पहले नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शहर को जाम से मुक्त रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद की टीम ने बुलडोजर के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान महाराजगंज बाजार से लेकर कचहरी चौक तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। नगर परिषद ने दुकानदारों को सड़क पर सामान नहीं रखने की चेतावनी दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।: जमुई में दुर्गा पूजा से पहले नगर परिषद पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। त्योहार के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर परिषद की टीम बुलडोजर के साथ सड़कों पर उतरी और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जमुई में दुर्गा पूजा से पहले नगर परिषद पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। त्योहार के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर परिषद की टीम बुलडोजर के साथ सड़कों पर उतरी और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
अभियान की शुरुआत महाराजगंज बाजार से हुई। यहां सड़क के दोनों किनारों पर दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके बाद नगर परिषद की टीम कचहरी रोड होते हुए कचहरी चौक तक पहुंची। इस दौरान सड़क किनारे रखे दुकानों के सामान, ठेले-खोमचे और आवागमन में बाधा बन रहे अन्य अवरोधों को हटाया गया।
नगर परिषद की टीम को बुलडोजर के साथ पहुंचते देख कई दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार खुद ही अपनी दुकानों के बाहर रखे सामान को समेटने लगे।
दरअसल, दुर्गा पूजा के दौरान जमुई के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या गंभीर हो सकती है। इसी को देखते हुए नगर परिषद ने यह कार्रवाई की है, ताकि आम लोगों और पूजा पंडालों में दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो
नगर परिषद के स्वच्छता प्रभारी सुभाष सक्सेना ने बताया कि कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका गुप्ता के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं, नगर परिषद कर्मी कुंदन गुप्ता ने दुकानदारों से सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






