समस्तीपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा, कीचड़ में पुलिस से भिड़ा युवक; वर्दी फाड़ी, पुलिस ने रस्सी से बांधकर पकड़ा


समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में डायल 112 की पुलिस टीम और एक युवक के बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस के अनुसार, छेड़खानी की शिकायत पर युवक को हिरासत में लेने पहुंची टीम का उसने विरोध किया। इस दौरान युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की और एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। मामला इतना बढ़ गया कि सड़क किनारे कीचड़ में पुलिस और युवक के बीच काफी देर तक खींचतान और उठापटक होती रही। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर युवक को काबू किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।


पूरा मामला मोहिउद्दीननगर हाई स्कूल के पास एनएच-122बी किनारे पुराने टाटा स्टैंड के समीप का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ डायल 112 पर एक महिला से छेड़खानी की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद डायल 112 की टीम युवक को हिरासत में लेने मौके पर पहुंची।

Sponsored Advertisement

पुलिस टीम के प्रभारी राजू यादव ने युवक को पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, युवक वाहन में बैठने के बजाय वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान युवक ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर कीचड़ के बीच काफी देर तक दोनों के बीच खींचतान चलती रही। घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

मामले की सूचना मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस को दी गई। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद युवक को रस्सी से बांधकर काबू किया गया और हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। युवक के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि डायल 112 पर युवक के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर गई थी। वहां हुई घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर 16 चक्का ट्रक और टोटो में जोरदार टक्कर, चालक समेत दो घायल

भागलपुर: मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। कहलगांव प्रखंड के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चायटोला मोड़ के समीप 16 चक्का ट्रक और टोटो के…

भागलपुर में टीबी उन्मूलन अभियान को नई रफ्तार, ‘ई-खुशी’ एप्लीकेशन लॉन्च

भागलपुर में टीबी उन्मूलन अभियान को नई रफ्तार, ‘ई-खुशी’ एप्लीकेशन लॉन्च

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *