गोपालगंज: कुचायकोट थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा के नाम पर चंदा वसूली के दौरान ट्रक पर पथराव करने और वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी कुचायकोट निवासी स्वर्गीय हृदया खरवार के पुत्र सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते 3 अक्टूबर 2026 को कुचायकोट थाना क्षेत्र के भठवा ओवरब्रिज के समीप कुछ युवक दुर्गा पूजा के नाम पर आने-जाने वाले वाहनों से चंदा वसूल रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने चंदा देने से इनकार कर दिया और वाहन को रोकने के बजाय आगे बढ़ गया। आरोप है कि इससे नाराज युवकों ने ट्रक का पीछा करते हुए उस पर ईंट-पत्थर से पथराव कर दिया।
पथराव में ट्रक का शीशा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही कुचायकोट थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
इसके बाद 6 अक्टूबर 2026 को कुचायकोट थाना पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी समेत 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस ने की गिरफ्तारी
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि ट्रक चालक द्वारा चंदा नहीं देने और वाहन नहीं रोकने के कारण ट्रक पर पथराव किया गया था।
फिलहाल पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चंदा वसूली के नाम पर अवैध गतिविधि, वाहन चालकों से जबरन वसूली या उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






