औरंगाबाद जिले में सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के करीब 24 घंटे बाद NDRF की टीम ने नदी से किशोर का शव बरामद किया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
औरंगाबाद जिले के बड़ेम थाना क्षेत्र के महुआव गांव निवासी फिरोज मियां के 16 वर्षीय पुत्र मो. जावेद आलम की सोन नदी में डूबने से मौत हो गई। जावेद अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के संबंध में जावेद के चाचा मो. सलीम ने बताया कि जावेद अपने तीन दोस्तों के साथ सोन नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। जावेद को डूबता देखकर उसके साथ मौजूद दोस्तों ने इसकी जानकारी लोगों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और नदी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद तत्काल उसका पता नहीं चल सका।
इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने NDRF की टीम को सूचना दी। करीब 24 घंटे तक चले प्रयास के बाद NDRF की टीम ने आज सुबह करीब 11 बजे नदी में घटनास्थल से कुछ दूरी पर जावेद का शव बरामद किया।
शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। नगर थाना पुलिस ने परिजनों का फर्द बयान दर्ज किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर नबीनगर के पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को इस दुख की घड़ी में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया। साथ ही जिला प्रशासन से आपदा राहत कोष के तहत पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने की मांग की।






