रोहतास: बिहार में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद तस्करों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। इसी बीच रोहतास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ढाई करोड़ रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार डेहरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद रंग की पिकअप वैन कटहल लादकर डेहरी की ओर आ रही है। बताया गया था कि वाहन में कटहल के नीचे भारी मात्रा में गांजा छुपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही एएसपी अतुलेश झा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
इसके बाद डेहरी नगर थाना क्षेत्र के पाली मोड़ स्थित जीटी रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया। वाहन पर बड़ी मात्रा में कटहल लदा हुआ था और ऊपर से तिरपाल ढका गया था ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस ने जब वाहन की गहन तलाशी ली तो कटहल के नीचे छुपाकर रखे गए लगभग 500 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद हुई। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मौके से वाहन चालक सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि पूछताछ में चालक ने तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस पूरे गिरोह की पहचान करने में जुटी है और साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गांजे की यह खेप ओडिशा से झारखंड के रास्ते औरंगाबाद होते हुए मोहनिया पहुंचाई जानी थी। इस मामले में मोहनिया और कैमूर इलाके से जुड़े तस्करों की भी तलाश की जा रही है।
रोहतास जिले का डेहरी इलाका लंबे समय से सूखे नशे के कारोबार को लेकर चर्चा में रहा है। गांजा और हेरोइन की तस्करी में युवाओं की बढ़ती संलिप्तता चिंता का विषय बनी हुई है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।