जामताड़ा के गांधी मैदान में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। कार्यक्रम में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह और भाजपा नेत्री सीता सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में विकास कार्यों को देखने के बाद देश की जनता ने वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया। उनके अनुसार, केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को गरीबी से बाहर लाने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि भारत ने आर्थिक विकास के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।
भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, कृषि और पेयजल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि नए अस्पताल, विश्वविद्यालय, गांवों तक सड़क, किसानों के लिए आधुनिक कृषि व्यवस्था और हर घर स्वच्छ जल जैसी योजनाओं से लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से विकसित भारत का संकल्प निर्धारित समय तक पूरा होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद सेवा संकल्प अभियान के तहत दीप जलाकर नगर भ्रमण किया गया। इसके बाद गांधी मैदान से मां चंचला चौक होते हुए बाजार क्षेत्र में दीप ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हिस्सा लिया।
रिपोर्ट : संतोष कुमार | जामताड़ा





