पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र में 48 वर्षीय जर्नादन चौधरी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। कुटमू पंचायत अंतर्गत बन्दला टोला पोखरापर निवासी जर्नादन चौधरी 5 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी पत्नी सुनिता देवी ने पांडू थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से खोजबीन कराने की गुहार लगाई है।
परिजनों के मुताबिक, घर से निकलने के बाद जर्नादन चौधरी से किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो पाया। परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की, लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस को दिए आवेदन में परिजनों ने जर्नादन चौधरी का हुलिया भी बताया है। उनकी लंबाई करीब 5 फीट 4 इंच बताई गई है। उनका रंग सांवला है और बाल अधपके व लालछौंह बताए गए हैं। परिजनों के अनुसार, घर से निकलते समय उन्होंने सैंडो गंजी, लुजर और भगवा रंग का गमछा पहन रखा था। पैरों में चप्पल थी।
लापता होने के बाद से परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। परिजनों ने पांडू थाना प्रभारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जांच-पड़ताल करने और जर्नादन चौधरी का जल्द पता लगाने की मांग की है।
परिवार की ओर से आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि किसी व्यक्ति को जर्नादन चौधरी कहीं दिखाई दें या उनके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल परिजनों को सूचित करें। इसके लिए 6201814253, 6206498155, 9771334100 और 9021324054 मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं।
पुलिस से उम्मीद जताई जा रही है कि मामले की जांच के बाद लापता व्यक्ति का जल्द पता लगाया जा सकेगा।
संवाददाता – सत्यम शुक्ला, पलामू





