आरा/संदेश। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के कोसडिहरा गांव में सोमवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद तीनों को आनन-फानन में संदेश रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने राज बिहारी राम को मृत घोषित कर दिया। घायल मंजू देवी और राम गति सिंह का प्राथमिक उपचार किया गया। मंजू देवी की स्थिति में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर किया गया, जबकि राम गति सिंह की हालत में सुधार बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोसडिहरा गांव के तीनों लोग सोमवार सुबह करीब छह बजे शौच और टहलने के लिए गांव के दक्षिण दिशा स्थित बधार की ओर गए थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए तीनों बारा गांव के उत्तर दिशा में एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आकर बेहोश होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद तीनों को इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने राज बिहारी राम को मृत घोषित कर दिया।
एंबुलेंस को लेकर अस्पताल में हुआ विवाद
राज बिहारी राम की मौत के बाद उनके परिजनों ने शव को आरा ले जाने के लिए अस्पताल प्रबंधन से एंबुलेंस की मांग की। मृतक की बहन और सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद यादव समेत अन्य लोग इसको लेकर अस्पताल प्रभारी डॉ. रणधीर कुमार के कार्यालय पहुंचे। एंबुलेंस उपलब्ध कराने को लेकर वहां कहासुनी होने की बात सामने आई।
परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल के सुरक्षा गार्ड ने लोगों को कार्यालय से बाहर करने का प्रयास किया। इस दौरान मृतक की बहन का हाथ पकड़कर बाहर ले जाने के क्रम में वह भीड़ के बीच गिर गईं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
सूचना मिलने पर संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना से जुड़े पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।






