आरा/कोईलवर। भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर आईओसीएल प्लांट के मेन गेट के पास सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि खाली सिलेंडर लदे एक ट्रक की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आईओसीएल प्लांट के मुख्य गेट के पास बच्चे का शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया। इससे इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
मृत बच्चे की पहचान गीधा निवासी मो. इमामुद्दीन के तीन वर्षीय पुत्र मो. राशिद के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चे का खिलौना सड़क की ओर गिर गया था। वह खिलौना उठाने के लिए आईओसीएल के मेन गेट के पास पहुंचा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे खाली सिलेंडर लदे ट्रक की चपेट में वह आ गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चे के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग दुर्घटना में शामिल ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई और उचित कार्रवाई की मांग कर रहे थे। शाम करीब पांच बजे तक सड़क पर लोगों का विरोध जारी रहा।
सूचना मिलने के बाद गीधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है। वहीं, चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है और घटना की जांच की जा रही है।
मृतक के चाचा मो. हुसैन ने बताया कि राशिद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।





