बगहा/बेतिया। पश्चिम चंपारण के बेतिया स्थित जीएमसीएच से नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल में काम करने वाला एक युवक नाबालिग को बहला-फुसलाकर अस्पताल से बाहर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। परिजनों की शिकायत के बाद नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ मामले की जांच कर रही है।
मामला बेतिया जीएमसीएच से जुड़ा है। परिजनों के अनुसार, नाबालिग 1 अक्टूबर को अपने माता-पिता के साथ अपनी मां का इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। अस्पताल में उसकी मां का इलाज चल रहा था। पीड़िता के पिता ने नगर थाने में दिए आवेदन में बताया कि 4 अक्टूबर की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपनी पत्नी के लिए दवा और खाना लाने अस्पताल से बाहर गए थे। लौटने में देरी हुई। जब वह वापस अस्पताल पहुंचे तो उनकी बेटी डरी-सहमी और रोती हुई मिली।
परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में बच्ची ने घटना के बारे में कुछ नहीं बताया। बाद में मां और दादी के पूछने पर उसने कथित तौर पर पूरी घटना की जानकारी दी। आरोप है कि अस्पताल में काम करने वाला युवक उसे बहला-फुसलाकर जीएमसीएच परिसर से बाहर ले गया और पीछे स्थित अपने किराए के मकान में ले गया। परिजनों ने आरोपी पर नाबालिग को धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
शिकायत मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने आरोपी रवि रंजन को गिरफ्तार कर लिया। बेतिया सदर एसडीपीओ अजीत कुमार के अनुसार, आरोपी अस्पताल में पानी और इंसुलिन चढ़ाने का काम करता था और बाहर एक निजी नर्सिंग होम में भी काम करता है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद जीएमसीएच की सुरक्षा व्यवस्था और अस्पताल परिसर में सक्रिय बाहरी लोगों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि अस्पताल परिसर में काम करने वाले बाहरी लोगों की गतिविधियों पर निगरानी जरूरी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





