भागलपुर में क्राइम मीटिंग: त्योहारों पर DJ पर पूर्ण प्रतिबंध, अफवाह फैलाने वालों पर 24 घंटे नजर

भागलपुर। समीक्षा भवन में आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग में एसएसपी प्रमोद कुमार ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के निष्पादन की समीक्षा की। बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

 

Sponsored Advertisement

एसएसपी ने कहा कि इस महीने भागलपुर पुलिस ने लंबित मामलों के निष्पादन में बेहतर प्रदर्शन किया है। कई थानों में पिछले महीनों की तुलना में ढाई से तीन गुना अधिक कांडों का निष्पादन किया गया है। लगातार समीक्षा और निगरानी का असर लंबित मामलों की संख्या में भी देखने को मिला है। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई करने को कहा।

 

आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई भी तेज कर दी है। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान DJ पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बिना अनुमति DJ बजाने या अश्लील, भड़काऊ और आपत्तिजनक गाने बजाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर DJ जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

 

पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली करने वालों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। दुकानदारों, व्यवसायियों और राहगीरों से जबरन चंदा या वसूली करने की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के नाम पर किसी भी तरह की दबंगई या जबरन वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों की 24 घंटे साइबर मॉनिटरिंग की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या विवाद को समय रहते रोका जा सके।

 

त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए RAF की एक कंपनी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी।

 

एसएसपी प्रमोद कुमार ने जिलेवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Related Posts

रोहतास में तेज रफ्तार ट्रक ने दो स्कूली छात्रों को मारी टक्कर, एक की हालत नाजुक; चार घंटे सड़क जाम

सासाराम। रोहतास जिले के डेहरी-नासरीगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने साइकिल से स्कूल जा रहे दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र…

जमुई में निजी क्लीनिक सील करने पर भड़के डॉक्टर, IMA ने 7 अक्टूबर को 24 घंटे की हड़ताल का किया ऐलान

जमुई, शहर के एक निजी क्लीनिक को जिला प्रशासन द्वारा सील किए जाने के विरोध में जमुई जिले के निजी चिकित्सकों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कार्रवाई के…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *