भागलपुर। शाहकुंड थाना क्षेत्र के गुड़गम्मा गांव से एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सौरभ कुमार के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। वहीं, मृतक की पत्नी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर शादी के बाद से ही प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतक की पत्नी के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उसकी सौरभ कुमार से प्रेम विवाह हुआ था। पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे। इसी वजह से उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। पत्नी ने बताया कि पारिवारिक विवाद और कथित प्रताड़ना की स्थिति बढ़ने के बाद उसके पति ने उसे उसकी बुआ के घर पहुंचा दिया था।
पत्नी के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से अपनी बुआ के घर रह रही थी। इसी दौरान उसे किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से जानकारी मिली कि उसका पति मायागंज अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलते ही वह मायागंज अस्पताल पहुंची। वहां पहुंचने पर उसने अपने पति को मृत अवस्था में देखा।
पति की मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों में हड़कंप मच गया। पत्नी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ससुराल पक्ष की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
घटना की सूचना मिलने के बाद शाहकुंड थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।






