
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में समूह लोन दिलाने के नाम पर लोगों से कथित ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सदस्य चंदन कुमार को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मामला तब सामने आया जब वृंदावन की रहने वाली रानी कुमारी ने 3 अक्टूबर को पुलिस से शिकायत की। महिला के अनुसार, आरोपियों ने आवास फाइनेंशियल लिमिटेड के नाम पर एक लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले उससे 10 हजार रुपये प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ले लिए गए। इसके बाद आरोपी ने महिला को पीले रंग का एक बंद लिफाफा दिया और कहा कि इसे बाद में खोला जाएगा।
लोन की प्रक्रिया को लेकर संदेह होने पर जब महिला ने लिफाफा खोला तो उसके अंदर नोट के आकार के कागज के टुकड़े मिले। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और कथित गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी इसी तरीके से समूह लोन दिलाने का झांसा देकर दर्जनों लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं। जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए कई आपत्तिजनक दस्तावेज और सामान बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आवास फाइनेंशियल लिमिटेड और कफील फाइनेंशियल लिमिटेड के नाम से कथित फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए। बरामद सामान में 68 पत्र, मोहर, दो आईडी कार्ड, 58 लिफाफे, 10 सदस्यों के आवेदन फॉर्म, 20 एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, टैब, छह मोबाइल फोन और अलग-अलग बैंकों के चेक शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई से पहले ही गिरोह का एक अन्य संदिग्ध गुलशन बेलसंड थाना पुलिस द्वारा शराब मामले में गिरफ्तार किया जा चुका था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चंदन कुमार से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।





