किशनगंज: जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान डीएम ने विभागवार लंबित मामलों, आवेदनों और पत्रों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की और सभी मामलों को निर्धारित समय-सीमा में निपटाने का निर्देश दिया।
बैठक में सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी और नीलाम पत्रवाद से जुड़े लंबित मामलों की विशेष रूप से समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित वादों और पत्रों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही एसी/डीसी बिलों के समायोजन, सीएम डैशबोर्ड, जिला पदाधिकारी जनता दरबार, आरटीपीएस, सीपीग्राम, पीएमओ पोर्टल और विधानसभा सचिवालय से प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई।
राजस्व, डीआरडीए, पंचायती राज, स्थापना, नजारत, निर्वाचन, विधि शाखा, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-अर्जन और सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न शाखाओं के लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि आम लोगों से जुड़े आवेदन और शिकायतों के निपटारे में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनहित के मामलों को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में डीएम ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में दिवाली से पहले रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को हर घर नल का जल योजना के तहत सभी घरों तक पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अलावा पंचायत सरकार भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, एससी/एसटी महिला छात्रावास तथा पिछड़ा-अति पिछड़ा वर्ग के स्कूल निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन और पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले के सभी शस्त्रों का शीघ्र सत्यापन कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के सभी लाभुकों का शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण और अनुपयोगी बैंक खातों को बंद करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।
बैठक में उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





