गोपालगंज। जिले के जगतौली ओपी क्षेत्र के लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स में हुई हथियारबंद लूट के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में कथित रूप से शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में इससे पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
मिली जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को लाला छापर बाजार स्थित दीपक ज्वेलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के संबंध में भोरे थाना, जगतौली ओपी में कांड संख्या 223/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के निर्देश पर एसडीपीओ हथुआ के नेतृत्व में भोरे थाना और जगतौली ओपी की विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। इसी क्रम में जगतौली ओपी थानाध्यक्ष आलोक कुमार और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सिवान जिले के धनौती थाना परिसर के समीप कार्रवाई करते हुए विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया।
पुलिस का दावा है कि विधिसम्मत पूछताछ के दौरान निरुद्ध बालक ने घटना में अपनी संलिप्तता के संबंध में जानकारी दी। पूछताछ में सामने आया कि कथित तौर पर सुमित कुमार और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर ज्वेलर्स में लूट की योजना तैयार की गई थी। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले रेकी करने, हथियार और कारतूस की व्यवस्था करने तथा वारदात के बाद सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार होने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस के अनुसार, 24 जून को लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने के दौरान अपराधियों को स्थानीय ग्रामीणों के विरोध का भी सामना करना पड़ा था।
फिलहाल पुलिस ने निरुद्ध बालक के संबंध में अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, लूटकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






