औरंगाबाद में 12 घंटे से लापता मासूम का नहर में मिला शव, चाची गिरफ्तार

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां करीब 12 घंटे से लापता एक मासूम बच्चे का शव गांव के पास स्थित नहर से बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने बच्चे की हत्या के आरोप में उसकी सगी चाची को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान विकास यादव के बेटे भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भोला कुमार गुरुवार की शाम करीब चार बजे अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुट गए।

Sponsored Advertisement

शुक्रवार की सुबह गांव के पास स्थित नहर में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई।

पुलिस ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान बच्चे की चाची पर संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

दाउदनगर एसडीपीओ चंद्रभूषण कुमार के अनुसार, पूछताछ में महिला ने बच्चे को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, महिला का आरोप था कि उसके जेठ और जेठानी उसके पति को उसके खिलाफ भड़काते थे। इससे दंपती के बीच अक्सर विवाद और तनाव रहता था। पुलिस के अनुसार, इसी कथित प्रतिशोध में महिला ने गुरुवार शाम अपने जेठ के बेटे भोला कुमार को गोद में लेकर घर के पास स्थित नहर में फेंक दिया।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

Related Posts

सीतामढ़ी में खेत में बिछे नंगे तार की चपेट में आए पति-पत्नी समेत 3 की मौत, एक गंभीर

सीतामढ़ी में खेत में बिछे नंगे तार की चपेट में आए पति-पत्नी समेत 3 की मौत, एक गंभीर

हादसे के बाद ट्रक से शराब लूटने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद ट्रक से शराब लूटने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच में जुटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *