ऑटो और पिकअप की जोरदार टक्कर, चाचा-भतीजे की मौके पर मौत; दो महिलाओं समेत 5 घायल

सासाराम। रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। खनीता गांव के समीप ऑटो और पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

 

Sponsored Advertisement

मृतकों की पहचान बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के वसुदेवा बिंद टोली गांव निवासी 58 वर्षीय श्री भगवान बिंद और 45 वर्षीय हरेंद्र बिंद के रूप में हुई है। दोनों मृतक आपस में चाचा-भतीजा बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के दो लोगों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

इलाज कराकर गांव लौट रहा था परिवार

 

जानकारी के अनुसार, श्री भगवान बिंद को लकवा के इलाज के लिए दिनारा थाना क्षेत्र के मठिया गांव स्थित एक निजी अस्पताल में लाया गया था। इलाज कराने के बाद परिवार के लोग एक ऑटो में सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान खनीता गांव के समीप सामने से आ रहे पिकअप वाहन से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की भिड़ंत काफी तेज थी। टक्कर के बाद ऑटो में सवार दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो महिलाओं समेत पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

 

दोनों वाहन जब्त, जांच में जुटी पुलिस

 

घटना की सूचना मिलते ही दिनारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो और पिकअप को जब्त कर लिया है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया गया है।

 

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद मृतकों के गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं।

Related Posts

औरंगाबाद में 12 घंटे से लापता मासूम का नहर में मिला शव, चाची गिरफ्तार

औरंगाबाद में 12 घंटे से लापता मासूम का नहर में मिला शव, चाची गिरफ्तार

सीतामढ़ी में खेत में बिछे नंगे तार की चपेट में आए पति-पत्नी समेत 3 की मौत, एक गंभीर

सीतामढ़ी में खेत में बिछे नंगे तार की चपेट में आए पति-पत्नी समेत 3 की मौत, एक गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *