बेगूसराय। गांधी जयंती के अवसर पर बिहार वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन (BWJU) के आह्वान पर शुक्रवार को पूरे बिहार में ‘राष्ट्रीय मांग दिवस’ मनाया गया। इसी क्रम में बेगूसराय में जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर शालिग्राम सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों ने विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में पत्रकारों की सुरक्षा, वेतन, सेवा शर्तों, पेंशन और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला पत्रकार संघ की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष लंबे समय से लंबित पत्रकारों की मांगों को पूरा करने की मांग रखी गई। पत्रकारों ने वर्किंग जर्नलिस्ट्स एक्ट को पुनः लागू करने, पेशेवर दायित्व निभाने के दौरान खतरे का सामना करने वाले पत्रकारों की सुरक्षा के लिए व्यापक कानून बनाने और राष्ट्रीय मीडिया आयोग के गठन की मांग की।
इसके साथ ही मीडिया कर्मियों के वेतन और सेवा शर्तों में सुधार के लिए वेज बोर्ड गठित करने की मांग भी उठाई गई। पत्रकारों का कहना था कि लोकतंत्र में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है और पत्रकार अपने पेशेवर दायित्वों के तहत लगातार जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं। इसके बावजूद कामकाजी पत्रकारों को कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
बैठक में पत्रकारों के कल्याण और पेंशन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। योग्य सेवानिवृत्त पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए संबंधित नियमों को सरल बनाने की मांग की गई। पत्रकारों ने इन मांगों को राज्य सरकार के समक्ष भी मजबूती से उठाने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए राज्यव्यापी सदस्यता अभियान चलाने की जानकारी दी गई। पत्रकारों से संगठन से जुड़कर पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।
इस अवसर पर जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष प्रोफेसर शालिग्राम सिंह के अलावा धनंजय झा, सुधांशु पाठक, जीवेश, तरुण चंदन कुमार, रामसेवक स्वामी, पवन बंधु, जितेंद्र सहित दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने पत्रकारों की गरिमा, सुरक्षा, कल्याण और पेशेवर अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प लिया।





