पटना: राजधानी पटना से सटे धनरुआ थाना क्षेत्र के तेल्हाड़ी गांव में पुराने विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने बिट्टू शर्मा को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा और लाइटर से उसके सिर के बाल जला दिए। घटना दरधा नदी पुल के पास देर शाम की बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, बिट्टू शर्मा दरधा नदी पुल के पास बैठा था। इसी दौरान रामपुर गांव के कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे जबरन अपने साथ थोड़ी दूर ले गए। आरोप है कि वहां उसके हाथ-पैर बांधकर पेड़ से बांध दिया गया और उसकी जमकर पिटाई की गई। मारपीट में बिट्टू का एक हाथ टूट गया।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने लाइटर से बिट्टू के सिर के बाल जला दिए। शोर सुनकर जब परिवार के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे तो आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए 10 राउंड से अधिक फायरिंग की और बिट्टू को पेड़ से बंधा छोड़कर फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है।
परिजनों ने लखीसराय निवासी सौरव कुमार पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि घटना के समय सौरव ने लवाईच बराज की बिजली बंद करवा दी थी, जिससे इलाके में अंधेरा हो गया और आरोपियों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई। मामले में चार लोगों के खिलाफ थाने में आवेदन दिया गया है।
घायल बिट्टू को पहले धनरुआ पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। पीएमसीएच में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल का फर्द बयान भी दर्ज किया है, जिसमें आकाश पटेल, पंकज कुमार, सोनू मल्लाह समेत अन्य अज्ञात लोगों पर मारपीट और बाल जलाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस का क्या कहना है?
धनरुआ थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही डायल-112 और थाना पुलिस को मौके पर भेजा गया था, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। शुक्रवार शाम लिखित शिकायत मिली है। केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।






