
भागलपुर। भागलपुर जिला कराटे संघ के तत्वावधान में भागलपुर एकेडमी ऑफ कराटे एंड जूडो क्लब के 10 प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन 6वीं KIO ईस्ट जोन कराटे डू चैंपियनशिप 2026 के लिए किया गया है। प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर 2026 तक सेंट डोमिनिक सेवियो हाई स्कूल, नसरिगंज, पटना में स्टेट कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर, अंडर-21 और सीनियर वर्ग की कुमिते स्पर्धाएं आयोजित होंगी।
चयनित खिलाड़ियों में बालिका वर्ग से रुद्रानी रानी का जूनियर फीमेल कुमिते (-48 किग्रा), सबा खातून का सब-जूनियर 13 वर्ष फीमेल कुमिते (-45 किग्रा), जैनब खान का कैडेट फीमेल कुमिते (+61 किग्रा), समामा परवीन और अफरीन जमील का कैडेट फीमेल कुमिते (-47 किग्रा) तथा सिदरा खातून का सब-जूनियर 10 वर्ष फीमेल कुमिते (-25 किग्रा) वर्ग में चयन हुआ है।
वहीं बालक वर्ग में शिवम राज कैडेट मेल कुमिते (-52 किग्रा), शेख शानी सब-जूनियर 12 वर्ष मेल कुमिते (-40 किग्रा), अरशिल खान सब-जूनियर 9 वर्ष मेल कुमिते (+35 किग्रा) और बादल कुमार अंडर-21 मेल कुमिते (60 किग्रा) वर्ग में भाग लेंगे।
सभी खिलाड़ियों को कोच रेन्शी मो मसीउल ओला, दल प्रभारी कोच बाल्मीकि कुमार और रुद्रानी रानी द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूरी टीम 2 अक्टूबर को भागलपुर से पटना के लिए रवाना हुई।
जिला कराटे संघ भागलपुर के अध्यक्ष रेन्शी मो मसीउल ओला और महासचिव मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि ईस्ट जोन चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन दिसंबर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। उन्होंने सभी चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसकी जानकारी जिला कराटे संघ भागलपुर के अध्यक्ष रेन्शी मो मसीउल ओला ने दी।






