सीवान। दरौली थाना क्षेत्र के टाड़वा बाजार स्थित चर्चित नीरज ज्वेलर्स लूटकांड और दुकानदार दिलीप वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में फरार चल रहे आरोपी लड्डू राम को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कर्मलीहाता से की गई है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गिरफ्तारी की जानकारी मैरवा एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
8 सितंबर को हुई थी वारदात
दरअसल, 8 सितंबर को दरौली थाना क्षेत्र के टाड़वा बाजार स्थित नीरज ज्वेलर्स में अपराधियों ने घुसकर जेवरात लूटने का प्रयास किया था। लूट के दौरान अपराधियों ने दुकान के संचालक दिलीप वर्मा पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल दिलीप वर्मा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले को लेकर मृतक के परिजनों की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर दरौली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
पहले चार आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस के अनुसार, मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कर्मलीहाता निवासी लड्डू राम को गिरफ्तार किया गया।
एक और गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूट की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल थे और घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने कहां शरण ली थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस की कार्रवाई से मामले में जुड़े पूरे आपराधिक नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।





