जामताड़ा में साइबर ठगी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गैस अपडेट और बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

जामताड़ा: जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गैस कनेक्शन अपडेट कराने और खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी करते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

 

Sponsored Advertisement

पुलिस के मुताबिक, जामताड़ा एसपी शंभु कुमार सिंह को साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद साइबर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी की गई। टीम ने रिंगोचिंगो गांव में सुनील कुमार मंडल के घर और अमडीहा गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में कार्रवाई की।

 

छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार मंडल, मो. अबुतालिब अंसारी, बहारुद्दीन अंसारी और समीम अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों के साइबर ठगी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों को फोन कर गैस कनेक्शन या गैस से जुड़ी जानकारी अपडेट कराने की बात कहते थे। इसके बाद उन्हें मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा जाता था। ऐप डाउनलोड कराने के बाद आरोपियों द्वारा मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश की जाती थी।

 

इसके अलावा खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों से एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी संवेदनशील बैंकिंग जानकारी हासिल कर रकम ट्रांसफर करने का भी आरोप है। मामले में साइबर थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।

 

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

जामताड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और एटीएम नंबर, सीवीवी, ओटीपी या अन्य बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

 

रिपोर्ट: संतोष कुमार, जामताड़ा

Related Posts

भागलपुर में पहले ही दिन फेरी सेवा की रफ्तार पर सवाल, 12 जहाजों के दावे के बीच यात्रियों का 3-4 जहाज चलने का दावा, करना पड़ रहा लंबा इंतजार

भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बंद होने के बाद भागलपुर से जाह्नवी चौक घाट के बीच यात्रियों की आवाजाही के लिए फेरी सेवा शुरू की गई है। जिला प्रशासन की…

नाला CHC में रक्तदान शिविर, 9 युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान; 9 यूनिट रक्त संग्रहित

जामताड़ा: जिला स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर गुरुवार को जामताड़ा के नाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *