खगड़िया में बुधवार को स्कूल परिसर में दर्दनाक हादसा हो गया। मानसी थाना क्षेत्र के अमनी गांव स्थित जटाधर मिश्र प्राथमिक विद्यालय, पासवान टोला में अचानक स्कूल की सीढ़ी ध्वस्त हो गई। सीढ़ी के मलबे में दबने से 9 वर्षीय छात्रा रितिका कुमारी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे बच्चों को बाहर निकालने में जुट गए। घायल तीन बच्चों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों के मुताबिक घायल बच्चे फिलहाल सुरक्षित हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही सदर एसडीएम धनंजय कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और स्कूल से जुड़े लोगों से हादसे की जानकारी ली। एसडीएम धनंजय कुमार ने बताया कि सीढ़ी अचानक गिरने से एक बच्ची की मौत हुई है, जबकि तीन बच्चे घायल हुए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल की सीढ़ी वर्ष 2018-19 से ही क्षतिग्रस्त थी। ग्रामीणों का दावा है कि जर्जर सीढ़ी को लेकर स्कूल प्रशासन को पहले भी जानकारी दी गई थी। हादसे के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए एक टीम भी गठित की गई है। यह टीम अगले दो दिनों में विद्यालयों का सुरक्षा ऑडिट करेगी और जर्जर भवनों या खतरनाक हिस्सों की पहचान करेगी।
स्थानीय निवासी प्रेम कुमार ने कहा कि स्कूल भवनों की नियमित जांच जरूरी है, ताकि किसी भी कमजोर हिस्से की समय रहते मरम्मत कराई जा सके और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।






