समस्तीपुर। जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और विद्यालय स्तर पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना और जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल भवन सभागार में उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह के बाद खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। खिलाड़ियों ने निष्पक्षता, अनुशासन और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का संकल्प लिया।
इसके बाद कबड्डी कोर्ट पर डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह ने नारियल तोड़कर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है। खेल से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील करते हुए बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
तीन प्रमुख स्थलों पर होंगी प्रतियोगिताएं
जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं तीन प्रमुख स्थानों पर होंगी। खेल भवन में कबड्डी, ताइक्वांडो, कुश्ती और योग, पटेल मैदान में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, फुटबॉल तथा क्रिकेट ट्रायल और पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती, रग्बी, बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, कराटे, शतरंज, योग, क्रिकेट, वुशु, हैंडबॉल और हॉकी समेत कई खेल शामिल हैं।
पहले दिन अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे की प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए 45 शारीरिक शिक्षा एवं सहायक शिक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। खिलाड़ियों की सुरक्षा, आवागमन और प्रतियोगिता संचालन को लेकर भी आवश्यक व्यवस्था की गई है। विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे खिलाड़ियों के कारण खेल भवन परिसर में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।





