apnabiharjharkhand

भागलपुर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल, मायागंज अस्पताल रेफर


भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पश्चिमी केविन के समीप मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन पकड़ने जा रहा एक युवक तेज रफ्तार मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुल्तानगंज की ओर से एक मालगाड़ी तेज रफ्तार में भागलपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि उसका दाहिना हाथ भी टूट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए नाथनगर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घायल युवक के पिता मोहम्मद नौशाद ने बताया कि पूरा परिवार मुंगेर जाने की तैयारी में था। सभी लोग स्टेशन पहुंचे थे और ट्रेन का टिकट भी खरीद लिया गया था। इसी दौरान नाथनगर पश्चिमी केविन के पास अचानक भीड़ लगी देख वह वहां पहुंचे, जहां पता चला कि उनका बेटा ट्रेन की चपेट में आ गया है। घायल युवक की पहचान मोहम्मद आरजू के रूप में हुई है।

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद आरजू अपनी नानी के निधन के बाद मुंगेर जाने वाला था। लेकिन सफर शुरू होने से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से पश्चिमी केविन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *