apnabiharjharkhand

बरौनी में एनसीसी कैडेट्स का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, थल सैनिक कैंप चयन को लेकर दिखा उत्साह


भागलपुर एनसीसी कैडेट कोर 23 बटालियन के छात्र-छात्राओं ने बरौनी में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-4 में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में पांच सौ से अधिक एनसीसी कैडेट शामिल हुए हैं। शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स को कठिन सैन्य प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप यानी टीएससी कैंप के चयन के लिए तैयार करना है।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान भागलपुर एनसीसी ग्रुप की विभिन्न इकाइयों से पहुंचे छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा, अनुशासन और क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। शिविर में कैडेट्स को फायरिंग, ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट और अन्य प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इन गतिविधियों के जरिए छात्रों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों में काम करने की क्षमता विकसित की जाएगी।

शिविर का संचालन कैम्प कमांडेंट कर्नल रितेश मोहन के निर्देशन में किया जा रहा है। इस दौरान कैडेट्स के लिए एक विशेष “मीडिया इंटरेक्शन सेशन” का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने एनसीसी कैडेट्स को मीडिया क्षेत्र में करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

मीडिया विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि मीडिया समाज को जागरूक करने और सही सूचना आम लोगों तक पहुंचाने का एक मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मीडिया सिर्फ खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज और लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुका है। इस सत्र के दौरान कैडेट्स ने भी मीडिया से जुड़े कई सवाल पूछे और पत्रकारिता के क्षेत्र को करीब से समझने का प्रयास किया।

कार्यक्रम में सुरेश कुमार, बहादुर राणा सहित एनसीसी से जुड़े कई अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे। पूरे शिविर के दौरान कैडेट्स में खासा उत्साह और अनुशासन देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *