apnabiharjharkhand

भागलपुर में दिनदहाड़े झपटमारी, बच्चे के गले से चेन छीनकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने दबोचा


भागलपुर के व्यस्त लोहिया पुल पर दिनदहाड़े हुई झपटमारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। एक बदमाश ने मासूम बच्चे के गले से सोने की चेन और लॉकेट झपट लिया और मौके से भागने लगा। लेकिन बच्चे की मां ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया और आरोपी के पीछे दौड़ पड़ी। महिला की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग भी सक्रिय हो गए और कुछ ही दूरी पर भाग रहे झपटमार को पकड़ लिया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के आने तक अपने कब्जे में रखा।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी को अपने साथ थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को अपना नाम बंटी कुमार बताया है, जो मारूफचक इलाके का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए झपटमारी जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहिया पुल और उसके आसपास के इलाके में झपटमारी और चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोग दहशत में हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *