धनबाद।जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न डेयरी और मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की। कार्रवाई सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में की गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने कई दुकानों से पनीर, घी और खोवा के नमूने लिए। इन नमूनों को रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है। वहीं, मौके पर जांच में संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों को जब्त किया गया।
स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी में बड़ी कार्रवाई
स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी में जांच के दौरान दुकान संचालक मौके से फरार हो गया। जांच टीम को प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस भी एक्सपायर्ड मिला। दुकान की जांच में 48 किलोग्राम संदिग्ध पनीर के अलावा 2 किलोग्राम घी और खोवा बरामद किया गया। भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के फरार होने के बाद टीम ने गौतम डेयरी को तत्काल सील कर दिया।
इसके अलावा पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से 10 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। सरायढेला क्षेत्र के रूफ़ 709, निर्मल स्वीट्स और रमेश डेयरी तथा बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी से भी पनीर, घी और खोवा-मिठाई के नमूने लिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





