जहानाबाद: परस बिगहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जहानाबाद शहर के बड़ी संगत मोहल्ला निवासी सौरभ कुमार, पिता विजय कुमार सिन्हा के रूप में हुई है। सौरभ मुजफ्फरपुर में बजाज फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे और सोमवार को ही मुजफ्फरपुर से अपने घर जहानाबाद आए थे।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम सौरभ स्कूटी से दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजन रातभर अपने स्तर से सौरभ की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
मंगलवार की सुबह रेलवे ट्रैक के पास स्थानीय लोगों की नजर एक युवक के शव पर पड़ी। शव के पास मिले पर्स से प्राप्त मोबाइल नंबर के आधार पर स्थानीय लोगों ने परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान सौरभ कुमार के रूप में की।
परिजनों ने सौरभ की मौत को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सौरभ का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जबकि उनके मोबाइल को रिसेट कर उसमें से सिम कार्ड निकाल दिया गया था। वहीं, सौरभ की स्कूटी भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर दूसरी जगह मिली। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की जांच की मांग की है।
मृतक के परिजन गप्पू सिन्हा ने पुलिस को घटना की सूचना देते हुए मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर परस बिगहा थानाध्यक्ष सर्वनारायण पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





