मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अकौर गांव से एक छह वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। कृष्णाष्टमी के मौके पर अपने ननिहाल आए मासूम का शव सोमवार शाम एक गड्ढे से बोरे में बंद मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बच्चे की मामी पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया है। हालांकि, घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृत बच्चे की पहचान सुशांत कुमार, उम्र करीब छह वर्ष, पिता अमर भंडारी, निवासी दुर्गापट्टी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुशांत कुमार कृष्णाष्टमी के अवसर पर अपने माता-पिता के साथ बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के अकौर गांव स्थित अपने ननिहाल आया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार की सुबह सुशांत अपनी नानी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ था। खाना खाने के बाद परिवार के लोग सोने चले गए। कुछ समय बाद जब परिजनों ने बच्चे को आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब बच्चा नहीं मिला तो परिवार के लोग परेशान हो गए और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करने लगे।
शाम के समय खोजबीन के दौरान पास के एक गड्ढे में बोरे के अंदर बच्चे का शव मिलने की जानकारी सामने आई। परिजनों के अनुसार, बच्चे की मौत दम घुटने से होने की आशंका है। वहीं, परिवार की ओर से उसकी मामी पर हत्या कर शव को बोरे में बांधकर गड्ढे में छिपाने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अनुप कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई।
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।






