बिहार के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो और तेज रफ्तार हाइवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दूल्हे की चचेरी बहन समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद स्कॉर्पियो में सवार होकर लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। रविवार की सुबह करीब पांच बजे अथमलगोला थाना क्षेत्र के सबनीमा गांव के समीप फोरलेन पर जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास स्कॉर्पियो की एक हाइवा से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घायल ने बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणू कुमारी (20) के रूप में हुई है। पूनम कुमारी दूल्हे की चचेरी बहन थी और सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। हादसे में जान गंवाने वाले धीरज कुमार बाढ़ के अकबरपुर गांव के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, धीरज पेशेवर चालक नहीं था और पढ़ाई कर रहा था। हाल ही में उसने 30 हजार रुपये की किताबें भी मंगाई थीं। वह परिवार का इकलौता बेटा था। शादी समारोह में उसे स्कॉर्पियो चलाने के लिए ले जाया गया था।
वहीं, पूनम की मां ने बताया कि उनकी बेटी शादी समारोह में शामिल होने गई थी, लेकिन घर लौटते समय सड़क हादसे में उसकी जान चली गई।
अथमलगोला थाना के एसआई अंजनी कुमार ने बताया कि घटना सुबह करीब पांच बजे की है। स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को जिंदगीभर का गम दे दिया है।






