भागलपुर: जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगा स्नान और मुंडन संस्कार कराने जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। अमरपुर थाना क्षेत्र के महोता गांव से सुल्तानगंज में गंगा स्नान और बाबाधाम में मुंडन कराने जा रहे परिवार के टोटो को शंभूगंज के शिव शंकरपुर पुल के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पवन तांती की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों में मृतक के दो छोटे बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं।
बच्चे को पेशाब कराने के लिए रोका था टोटो
मिली जानकारी के अनुसार, महोता गांव का एक परिवार टोटो से धार्मिक यात्रा पर निकला था। इसी दौरान शंभूगंज के शिव शंकरपुर पुल के पास एक बच्चे को पेशाब लगने पर टोटो को सड़क किनारे रोका गया। बच्चे के वापस टोटो में बैठने के बाद वाहन आगे बढ़ा ही था कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही वैगनआर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो में सवार लोग घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पवन तांती की मौत, कई लोग घायल
इस हादसे में पवन तांती की मौत हो गई। वहीं, उनके दो छोटे बच्चों सहित परिवार के कई अन्य सदस्य घायल हो गए। टोटो चालक का पैर टूटने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार मायागंज अस्पताल और निजी अस्पतालों में चल रहा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
कार चालक हिरासत में, वाहन जब्त
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को हिरासत में ले लिया। दुर्घटनाग्रस्त वैगनआर कार को जब्त कर थाने पहुंचा दिया गया है। बताया जा रहा है कि कार पर बिहार सरकार का नेम प्लेट लगा हुआ था। हालांकि, इस नेम प्लेट के संबंध में आधिकारिक पुष्टि और वाहन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी सामने आना बाकी है।
परिजनों ने उचित मदद नहीं मिलने का लगाया आरोप
इधर, मृतक के परिजनों का आरोप है कि मदद का आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उन्हें उचित सहायता नहीं मिली है। हादसे के बाद परिवार के सामने इलाज और अन्य जरूरतों को लेकर मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा कैसे हुआ और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






