
पलामू। आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को जिले के विभिन्न निर्माणाधीन दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूजा समितियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाटन चौक के समीप स्थित पंडाल, बैदा कला गांव, उंटारी रोड, हैदरनगर और छतरपुर के विभिन्न पूजा पंडालों में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान पंडालों के निर्माण, आवागमन मार्ग, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों, प्रवेश एवं निकास द्वार और कार्यक्रम संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि पंडालों का निर्माण भवनों और सड़कों से निर्धारित सुरक्षित दूरी पर किया जाए। हाईटेंशन तार, रेलवे लाइन, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों से भी पर्याप्त दूरी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पंडालों एवं आवागमन मार्गों पर ज्वलनशील और सिंथेटिक कपड़ों के इस्तेमाल से बचने तथा अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया।
श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते बनाने, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग कतारों की व्यवस्था करने और मार्गों पर स्पष्ट दिशा-सूचक चिह्न लगाने का निर्देश दिया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए पंडालों में पानी और बालू की पर्याप्त व्यवस्था रखने को भी कहा गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को अपने-अपने वॉलंटियर्स की सूची संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने की अपील की।
इसी क्रम में हैदरनगर बाजार और हरिहरगंज स्थित झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसका उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना था।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अंचलाधिकारी मौजूद रहे।
**लोकेशन: पलामू, झारखंड | संवाददाता: सत्यम शुक्ला**






