सासाराम। बिहार के रोहतास जिले में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया। चेनारी थाना क्षेत्र के डीहरिया गांव में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी के सामान खरीदने वाले सुनार समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए पीतल के भारी बर्तन और दो हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
14 अक्टूबर की रात बंद मकान में हुई थी चोरी
सासाराम एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 14 अक्टूबर की रात डीहरिया गांव निवासी बिगू बिंद के बंद मकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद गृहस्वामी के लिखित आवेदन पर चेनारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पूछताछ में दो आरोपियों ने स्वीकार की संलिप्तता
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर डीहरिया गांव निवासी संजय बिंद और वाल्मीकि कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चेनारी के गांधी चौक स्थित न्यू स्वर्णिका आभूषण एवं बर्तन दुकान में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान से चोरी के सामान बरामद किए गए। पुलिस ने दुकान संचालक आकाश कुमार को गिरफ्तार किया। इसके अलावा चोरी की घटना में शामिल अरुण कुमार, सरोज कुमार, संतोष कुमार और छोटन बिंद को भी गिरफ्तार किया गया।
पीतल के भारी बर्तनों समेत कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पीतल के दो बड़े गगरा, कलश, बाल्टी, कठौती, कड़ाही, थाली, प्लेट, लोटा, ढक्कन, कलछुल, दो ग्लास और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। चोरी की घटना का त्वरित उद्भेदन करने वाली टीम में सब-इंस्पेक्टर विकास कुमार, देवमुनी यादव, आनंद कुमार, प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टर गुड्डू कुमार और थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का जल्द खुलासा हुआ है।





