मोतिहारी में ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखी चादरों का मामला, दो फेरीवाले हिरासत में; सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा हुआ चादर बेचने का मामला सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। शहर और आसपास के इलाकों में ऐसी चादरों की बिक्री की शिकायत मिलने पर पुलिस ने दो फेरीवालों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में चादरों की खरीद और आपूर्ति को लेकर जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस्तेमाल की हुई चादरें देश-विदेश के अलग-अलग हिस्सों से बिहार तक कैसे पहुंच रही हैं और इनके कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

Sponsored Advertisement

रघुनाथपुर के बाद चांदमारी में मिली शिकायत

 

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि कुछ दिन पहले रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखा हुआ चादर बेचने का मामला सामने आया था। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच शनिवार को चांदमारी इलाके में भी ऐसी चादरें बेचे जाने की शिकायत मिली। इसके बाद पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए मामले की जांच शुरू की गई।

 

पंडाल चौक स्थित दुकान से चादर लेने की बात

 

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बंजरिया थाना क्षेत्र के पंडाल चौक स्थित ॐ साईं टेक्सटाइल से फेरीवालों को चादरें उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके बाद वे अलग-अलग इलाकों में घूमकर चादरें बेचते हैं। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो फेरीवालों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की।

 

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए दोनों लोगों ने बताया कि वे बंजरिया स्थित दुकान से चादरें खरीदकर ले जाते हैं और फेरी लगाकर बेचते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस्तेमाल की हुई चादरें देश और विदेश के अलग-अलग हिस्सों से लाई जाती हैं। हालांकि, चादरों के वास्तविक स्रोत और आपूर्ति की पूरी प्रक्रिया की अभी जांच की जा रही है।

 

विदेश से बिहार तक पहुंचने वाले नेटवर्क की तलाश

 

एसपी के मुताबिक, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चादरें कहां से मंगाई गईं, उन्हें बिहार तक पहुंचाने का माध्यम क्या है और बाजार में उनकी आपूर्ति किस तरह की जाती है। टेक्सटाइल कारोबारी समेत आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही चादरों पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ लिखे होने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल किसी संगठित नेटवर्क की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

Related Posts

नवगछिया में बकाया मजदूरी मांगने पर पत्रकार की धौंस दिखाने का आरोप, रंगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में बकाया मजदूरी मांगने पर कथित रूप से धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में ज्ञानोदय आवास विद्यालय…

दुर्गापूजा को लेकर कोईलवर में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने में जुटा प्रशासन

।कोईलवर। दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए भोजपुर जिले के कोईलवर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *