बिहार के छपरा में पदस्थापित अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर सिंह के खिलाफ निगरानी विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई की है। उनके विरुद्ध करीब एक करोड़ 10 लाख रुपये की घोषित आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
निगरानी विभाग के अनुसार, इस मामले में 13 अक्टूबर 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 121/2026 दर्ज किया गया था। इसके बाद 15 अक्टूबर को विशेष टीम ने उनके विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया।
जांच के तहत चार स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। इनमें छपरा स्थित उनका कार्यालय, पटना के सरयुग वमिका अपार्टमेंट स्थित फ्लैट नंबर 103, कटिहार के लोहिया नगर स्थित पैतृक आवास और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा थाना क्षेत्र का एक ठिकाना शामिल है।
पटना विजिलेंस के सीनियर डीएसपी गौतम शरण ओमी के मुताबिक, कटिहार स्थित आवास से जमीन की खरीद-बिक्री से संबंधित कई दस्तावेज मिले हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है।
वहीं, पश्चिम बंगाल के फांसीदेवा थाना क्षेत्र में चंद्रशेखर सिंह की पत्नी श्वेता कुमारी के नाम पर वर्ष 2021 में 92 डिसमिल जमीन खरीदे जाने की जानकारी मिली है। लगभग 31 कट्ठा क्षेत्रफल वाली यह जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग के निकट बताई गई है।
निगरानी विभाग के अनुसार, इस जमीन का उल्लेख चंद्रशेखर सिंह की वर्ष 2025-26 की विभागीय परिसंपत्ति विवरणी में नहीं किया गया है। अब जमीन की खरीद के स्रोत, वास्तविक कीमत और संपत्ति का ब्योरा नहीं देने के कारणों की जांच की जा रही है।
फिलहाल निगरानी विभाग की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद नकदी, सोने और अन्य दस्तावेजों का विस्तृत विवरण सामने आने की उम्मीद है।








