
नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सहरसा जिला प्रशासन सतर्क है। पूजा पंडालों और मेले में आगजनी की घटनाओं को रोकने तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नवरात्र के तीसरे दिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित दुर्गा पूजा पंडालों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी सीमा भारती के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग की टीम ने सौरबाजार, सिमरी बख्तियारपुर और नवहट्टा में स्थित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पूजा पंडालों में आग से बचाव के लिए किए गए इंतजामों की जांच की गई। नवहट्टा में भी दो अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
**पूजा समितियों को दिए गए जरूरी निर्देश**
निरीक्षण के दौरान जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने पूजा समिति और मेला कमेटियों के सदस्यों को आग से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के जरूरी उपाय अपनाने और किसी भी आपात स्थिति में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा आग लगने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने पर जोर दिया। विभाग की ओर से अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्निशमन कर्मियों की तैनाती का भी आश्वासन दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
**सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विभाग सतर्क**
दुर्गा पूजा और मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अग्निशमन विभाग सक्रिय है। विभाग का उद्देश्य पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और आगजनी की घटनाओं की आशंका को कम करना है। निरीक्षण अभियान के माध्यम से पूजा समितियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
**रिपोर्ट: इन्द्रदेव, सहरसा**





