पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बराही धाम मेन गेट के पास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर एसडीपीओ हुसैनाबाद के नेतृत्व में 12 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे से विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रात लगभग 11:30 बजे दंगवार की ओर से एक बाइक सवार जपला की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। इसके बाद पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
### पूछताछ में बाइक चोरी का खुलासा
तलाशी के दौरान युवक के पास से काले रंग की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR24S 5610 बताया गया है। बाइक से संबंधित कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम रिशु कुमार बताया। पुलिस के अनुसार, उसने स्वीकार किया कि उक्त बाइक 30 सितंबर को जपला से चोरी की गई थी।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दंगवार स्कूल मैदान से दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद कीं। इस तरह पुलिस ने कुल तीन बाइक जब्त की हैं।
### बिहार के नवीनगर के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र निवासी रिशु कुमार (19), अभिषेक कुमार (19) और आयुष कुमार (18) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरोह पिछले तीन वर्षों से हुसैनाबाद, अम्बा, टंडवा, नवीनगर, कुटुम्बा और औरंगाबाद सहित विभिन्न इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की बाइक को कम कीमत पर बेचने की बात भी पुलिस ने बताई है।
इस मामले में पुलिस ने एक बिना नंबर की हीरो बाइक, दो स्प्लेंडर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस अब गिरोह की अन्य गतिविधियों और चोरी की घटनाओं से जुड़े संभावित मामलों की जांच कर रही है।
**संवाददाता: सत्यम शुक्ला, पलामू, झारखंड**





