भागलपुर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दो घंटे तक ट्रैक पर पड़ा रहा शव; गांधीधाम एक्सप्रेस भी रुकी

भागलपुर। नाथनगर रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर दूर चंपानगर मुसहरी के पास सोमवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। घटना रेलवे पोल संख्या 310/23 और 310/25 के बीच हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारी, आरपीएफ के जवान और मधुसूदनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

 

Sponsored Advertisement

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिला। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक पटरी पर लेटा हुआ था। हालांकि, युवक किन परिस्थितियों में ट्रैक पर पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में युवक का सिर धड़ से अलग हो गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

 

शव हटाने को लेकर रेलवे और पुलिस में असमंजस

 

घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारी, आरपीएफ, रेल जीआरपी और मधुसूदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, घटनास्थल किसके अधिकार क्षेत्र में आता है, इसको लेकर रेलवे और स्थानीय पुलिस के बीच असमंजस की स्थिति बन गई। इसके कारण शव को ट्रैक से हटाने की कार्रवाई में देरी हुई। करीब दो घंटे तक शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा रहा।

 

गांधीधाम एक्सप्रेस भी करीब दो घंटे रुकी

 

शव ट्रैक पर पड़े रहने के कारण रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। इस दौरान गांधीधाम एक्सप्रेस को करीब दो घंटे तक रोकना पड़ा। नाथनगर स्टेशन अधीक्षक ओपी शर्मा ने बताया कि ट्रेन संख्या 43284 के चालक ने घटना की लिखित सूचना दी थी। इसके बाद आरपीएफ, रेल जीआरपी और मधुसूदनपुर थाना को मामले की जानकारी दी गई।

 

करीब दो घंटे बाद मधुसूदनपुर थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू करने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।

 

फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

Related Posts

भागलपुर में दुर्गा पूजा को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम; पंडालों का हो रहा निरीक्षण

भागलपुर। दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में पूजा समितियों की ओर से भव्य पंडालों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।…

भागलपुर में अनाज की बोरियों से लदा पिकअप वैन पलटा, बाल-बाल बचे लोग

भागलपुर। जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में कट्टपुलवा ओवरब्रिज के पास अनाज की बोरियों से लदा एक मालवाहक पिकअप वैन अचानक पलट गया। हादसे में पिकअप वैन में लदा अनाज…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *