बिहार के नालंदा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मजदूरी के पैसे मांगने पर एक युवक के साथ मारपीट करने और उसे खौलते तेल की कड़ाही में फेंकने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसे युवक ने आठ दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने हलवाई और उसके भतीजे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पूरा मामला नूरसराय थाना क्षेत्र के बथानी गांव का है। मृतक की पहचान दरुआरा बेलदारी गांव निवासी गोविंद चौहान के 30 वर्षीय पुत्र कम्बु चौहान के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान के मुताबिक, बीते 4 अक्टूबर को बथानी गांव निवासी रघु गोप के पिता का ब्रह्मभोज था। इस कार्यक्रम में मिठाई बनाने के लिए हलवाई दिलीप कुमार और उसका भतीजा राजा कुमार, कम्बु चौहान को 500 रुपये मजदूरी देने का लालच देकर अपने साथ ले गए थे।
परिजनों का आरोप है कि काम खत्म होने के बाद जब कम्बु ने अपनी मजदूरी मांगी, तो दोनों से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद दिलीप कुमार और राजा कुमार ने कथित तौर पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके दांत तक टूट गए और फिर उसे खौलते तेल की कड़ाही में फेंक दिया गया। इस घटना में कम्बु गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे नूरसराय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल, फिर विम्स पावापुरी और उसके बाद पटना रेफर किया गया। पटना में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने जवाब दे दिया, जिसके बाद परिजन उसे वापस बिहारशरीफ के एक निजी क्लीनिक में ले आए। यहां सोमवार को आठ दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उसकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान का कहना है कि अस्पताल में दम तोड़ने से पहले कम्बु ने उनसे कहा था, ‘भइया, मुझे मारा गया है।’ इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।








