पटना: बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की हो रही है। यहां जेडीयू प्रत्याशी नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के बीच जारी खींचतान के बीच जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी लगातार हमलावर हैं। नीरज कुमार के ‘बुखार छुड़ा देंगे’ वाले बयान पर प्रशांत किशोर ने पलटवार करते हुए उन्हें खुली चेतावनी दी है।
नीरज कुमार को पीके की चेतावनी
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीरज कुमार उनके खिलाफ ज्यादा बयानबाजी न करें, वरना वह उनकी पोल खोल देंगे। पीके का दावा है कि पिछले एक से डेढ़ साल के दौरान नीरज कुमार ने खुद उन्हें जेडीयू नेताओं के खिलाफ कई कागजात और जानकारियां उपलब्ध कराई थीं। प्रशांत किशोर ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर नीरज कुमार ने दोबारा उनके खिलाफ बयान दिया तो वह उन दस्तावेजों को सार्वजनिक कर देंगे।
चुनाव पर ध्यान देने की सलाह
जन सुराज के सूत्रधार ने नीरज कुमार को सलाह दी कि वह चुप रहें और अपने चुनाव पर ध्यान दें। उन्होंने कहा कि अगर नीरज कुमार ने उनके खिलाफ बयानबाजी जारी रखी तो वह उन्हें बेनकाब कर देंगे। पीके ने यह भी दावा किया कि वह जेडीयू के भीतर नीरज कुमार की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर सकते हैं।
‘बुखार हुआ तो दवा ले लूंगा’
दरअसल, इससे पहले नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए उनकी कंपनियों को लेकर सवाल उठाए थे। इसी दौरान उन्होंने प्रशांत किशोर का बुखार छुड़ा देने की बात कही थी। अब पीके ने इसी बयान पर तंज कसते हुए कहा कि नीरज कुमार डॉक्टर तो हैं नहीं। अगर उन्हें बुखार होगा तो वह दवा ले लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नीरज कुमार अब बेरोजगार होने वाले हैं।
फिलहाल, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव राजनीतिक बयानबाजी के कारण चर्चा में है। अब देखना होगा कि नीरज कुमार इस चेतावनी का क्या जवाब देते हैं और क्या यह जुबानी जंग आने वाले दिनों में और तेज होती है।








